एफएसएसएआई ने दिल्ली के रेडिसन ब्लू होटल को नोटिस जारी किया
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने नई दिल्ली स्थित रेडिसन ब्लू होटल को फूड सेफ्टी और स्वच्छता से जुड़ी कई कथित अनियमितताओं के कारण सुधार के निर्देश दिए हैं। यह होटल मेसर्स एबी होटल्स लिमिटेड द्वारा संचालित है। जांच में पाया गया कि होटल के परिसर, उपकरण, सफाई व्यवस्था, खाद्य सामग्री की खरीद और रखरखाव में कई खामियां मौजूद हैं। प्राधिकरण ने होटल के प्रबंधन से तुरंत सुधार करने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
सफाई और उपकरणों में गंभीर कमियां पाई गईं
जांच के दौरान होटल के परिसर में जंग लगी मशीनें और रिसाव वाले फ्रीजर मिले, जिनसे तापमान नियंत्रण में बाधा उत्पन्न हो रही थी। साथ ही, ठंडा रखने की व्यवस्था भी अपर्याप्त थी। तापमान निगरानी, वायु निकासी, फर्श और प्रकाश व्यवस्था में भी खामियां पाई गईं। सफाई के स्तर पर भी ध्यान नहीं दिया गया था, जिससे रुका हुआ पानी, नालियों की समस्या और कूड़ा-करकट का गलत प्रबंधन सामने आया। कीट नियंत्रण भी नाकाफी था, और जांच के दौरान कॉकरोच तथा मक्खियों की गतिविधि देखी गई।
खाद्य खरीद और स्रोत प्रबंधन में भी खामियां मिलीं
खाने की खरीद प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं, क्योंकि फफूंद लगे हुए फल और सब्जियां इस्तेमाल में लाई गई थीं। मंजूरशुदा विक्रेताओं का रिकॉर्ड और खाद्य स्रोत का पता लगाने की व्यवस्था भी कमजोर पाई गई। इसके अलावा, तेल और खाने को अलग रखने के नियम का उल्लंघन हुआ है। होटल के किचन में इस्तेमाल हो रहे तेल का मानक जांच नहीं किया गया था, और कच्चे व पके हुए खाद्य पदार्थ, शाकाहारी और मांसाहारी आइटम्स को सही ढंग से अलग नहीं रखा गया था। कुछ कर्मचारी दस्ताने और हेयरनेट के बिना काम कर रहे थे, और गहने पहनकर तथा लंबे नाखूनों के साथ कार्य कर रहे थे। साथ ही, एफएसएसएआई का लाइसेंस भी प्रमुख स्थान पर नहीं दिख रहा था। प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि सुधार के सबूत दस्तावेजों और तस्वीरों के साथ प्रस्तुत करें, अन्यथा आगे की कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें लाइसेंस का निलंबन भी शामिल है।









