वैशाली के पहाड़पुर में युवक का शव मिलने से हड़कंप
पटना के पास स्थित वैशाली जिले के पहाड़पुर गांव में शनिवार को पुल के नीचे गड्ढे से एक युवक का शव बरामद होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी शिवजी ठाकुर के पुत्र अमोद ठाकुर के रूप में हुई है। शव से आ रही दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
लापता युवक की मौत का रहस्य और जांच
परिजनों के अनुसार, अमोद ठाकुर 2 नवंबर की शाम घर से निकला था। वह उस दिन भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की चुनावी सभा देखने के लिए जुड़ावनपुर गया था, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिवार का कहना है कि उसका मोबाइल फोन भी उसी रात से बंद आ रहा है।
मृतक का शव और पुलिस की कार्रवाई
शनिवार को जब गांव के कुछ लोग पहाड़पुर दियारा के पास पुल के नीचे से गुजर रहे थे, तभी गड्ढे से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने झांककर देखा तो वहां मिट्टी में दबा एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक युवक सोने की चेन और अंगूठी पहने था। परिजनों का कहना है कि अमोद की किसी से दुश्मनी नहीं थी, और संभव है कि उसकी हत्या कर शव को छिपाने का प्रयास किया गया हो। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है और एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में बाहर निकाला जाएगा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शव लगभग चार से पांच दिन पुराना है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मामले की हत्या के एंगल से जांच शुरू कर दी है।











