कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता निर्वा का लापता होना चिंता का विषय
मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क से मादा चीता निर्वा का फिर से लापता होना खबरों में है। पिछले एक सप्ताह से उसकी लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। हालांकि, कूनो के अधिकारियों का कहना है कि सभी चीते सुरक्षित हैं और निर्वा के गायब होने की बात सही नहीं है।
बताया जा रहा है कि निर्वा मॉनिटरिंग टीम की पकड़ से बाहर है। उसके कॉलर से सैटेलाइट सिग्नल नहीं मिल रहा है और उसकी सटीक लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है। इस स्थिति में वन विभाग ने पांच टीमों का गठन कर 100 से अधिक वनकर्मियों को उसकी तलाश में लगाया है। ड्रोन और कैमरों की मदद से संभावित क्षेत्रों में खोजबीन जारी है।
लापता चीता निर्वा की खोज में वन विभाग की कोशिशें तेज
वन विभाग के अनुसार, निर्वा के कॉलर से पिछले सात दिनों से कोई सैटेलाइट सिग्नल नहीं मिल रहा है। हालांकि, बीएचएफ सिग्नल के माध्यम से उसकी तलाश की जा रही है, जिसकी प्रभावी रेंज लगभग 500 मीटर है। अधिकारियों ने बारिश के कारण सिग्नल प्रभावित होने की संभावना भी व्यक्त की है। फिलहाल, निर्वा के साथ किसी भी अनहोनी की पुष्टि नहीं हुई है।
पूर्व में भी निर्वा का सैटेलाइट लोकेशन बंद हो चुका है
यह पहली बार नहीं है जब निर्वा का मॉनिटरिंग से बाहर होना सामने आया है। जुलाई 2023 में भी उसका सैटेलाइट सिग्नल बंद हो गया था, और वह करीब 22 दिनों तक ट्रेस नहीं हो सकी थी। बाद में खोज अभियान के दौरान उसे सुरक्षित पाया गया था।











