मध्य प्रदेश के विदिशा में नायब तहसीलदार की संदिग्ध मौत
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां पदस्थ नायब तहसीलदार कविता कडेला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। वह अपने सरकारी क्वार्टर की तीसरी मंजिल पर रहती थीं। उसी मंजिल की छत से गिरने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। तुरंत ही उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
जैसे ही घटना की सूचना प्रशासन को मिली, तुरंत ही कलेक्टर, एसपी रोहित काशवानी (Rohit Kashwani) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरे राजस्व परिसर को तुरंत सील कर दिया गया और पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम छत के किनारों, सीढ़ियों और आसपास के हिस्सों पर संभावित निशानों को खंगाल रही है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि नायब तहसीलदार को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एसपी रोहित काशवानी ने कहा कि पुलिस हर कोण से मामले की जांच कर रही है। यह आत्महत्या है या हादसा, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके बयान बहुत महत्वपूर्ण होंगे। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन विदिशा पहुंच गए हैं। फिलहाल, पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। कविता किस परिस्थिति में छत से गिरीं, इसका जवाब अभी बाकी है।











