मध्यप्रदेश में बैंक गबन का खुलासा, महिला कैशियर गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ठीबगांव शाखा से 41 लाख 58 हजार 95 रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें फरार चल रही महिला कैशियर ऋतु गोस्वामी (44) को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने यह स्वीकार किया है कि उसने गबन की रकम में से 35 लाख रुपये से अधिक राशि ऑनलाइन गेम ‘स्टार मेकर’ में गंवा दी।
गबन की रकम और पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने महिला के पास से 1 लाख 49 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और बैंक का आईडी कार्ड जब्त किया है। जांच में यह भी पता चला है कि गबन की गई राशि का कुछ हिस्सा परिवार के साथ घूमने-फिरने और हवाई यात्राओं पर खर्च किया गया। खरगोन पुलिस के अनुसार, ऋतु किसी लिंक के माध्यम से ‘स्टार मेकर’ गेम से जुड़ी थी। पूछताछ में उसने बताया कि खेलते-खेलते वह बड़ी रकम हार गई। फिलहाल, पुलिस उसकी बातों और पैसों के लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है।
आरोपी का परिवार और आगे की जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने पति, बच्चे और सास-ससुर को हवाई यात्रा कराकर मुंबई (Mumbai), दिल्ली (Delhi) और इंदौर की सैर कराई थी। अभी तक केवल 1.49 लाख रुपये ही बरामद हो सके हैं, जबकि बाकी रकम कहां खर्च हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि बैंक से रकम लेकर फरार होने के बाद ऋतु मुंबई स्थित अपने ससुराल पहुंच गई थी। उसने परिजनों को बताया था कि वह बैंक से छुट्टी लेकर आई है।
पुलिस का कहना है कि परिवार के मोबाइल नंबर भी बंद करा दिए गए थे ताकि बैंक या पुलिस उनसे संपर्क न कर सके। आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम मुंबई और दिल्ली तक पहुंची है। एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है। इस मामले में सहायक कैशियर त्रयंबक वाणी और शाखा प्रबंधक राजेश राठौड़ अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।











