मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का छात्राओं के साथ संवाद
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल में स्थित ‘कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय’ में छात्राओं के साथ खुलकर बातचीत की। इस कार्यक्रम में स्कूल की छात्राएं ही मंच पर मौजूद थीं, जिन्होंने मुख्यमंत्री से अनेक दिलचस्प और तीखे सवाल पूछे। इस संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने जीवन का एक अनूठा अनुभव साझा किया, जिसमें उन्होंने जीवन में संतुलन, अनुशासन और बोलने के तरीके का महत्व समझाया।
सीएम ने उज्जैन के एक वाकये को किया साझा
मुख्यमंत्री ने उज्जैन से विधायक रहते हुए एक घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह आष्टा (सीहोर) के पास अपनी गाड़ी से जा रहे थे, तभी एक स्कूली छात्रा ने आवाज लगाकर गाड़ी रुकवाई। उसने कहा कि रास्ते में एक घायल व्यक्ति पड़ा है, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। उसने यह भी बताया कि उसने 25 से 50 लोगों को मदद के लिए हाथ बढ़ाते देखा, लेकिन किसी ने भी गाड़ी नहीं रोकी।
घायल को अस्पताल पहुंचाने का अनुभव और छात्राओं को संदेश
सीएम ने बताया कि उन्होंने घायल व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बिठाया और सीहोर अस्पताल की ओर रवाना हो गए। रास्ते में खून से गाड़ी भी खराब हो रही थी। उस समय वह लड़की गुस्से में आकर बोली, “सभी विधायक बेईमान हैं, नेता चोर हैं।” वह पूरे रास्ते गुस्सा निकालती रही और कहने लगी कि इतने लोगों ने मदद की, लेकिन किसी नेता ने गाड़ी नहीं रोकी।
मुख्यमंत्री ने उस लड़की का जज्बा देखकर कहा, “मैं चुपचाप उसकी बातें सुनता रहा। जब पूछा कि घायल कौन है, तो उसने कहा कि उसका कोई नहीं है। मैं अस्पताल पहुंचने के बाद उसे समझाया कि मैं भी एक विधायक हूं और सभी नेता एक जैसे नहीं होते।” उन्होंने छात्राओं को सामाजिक जीवन में अपने विचार व्यक्त करने का सही तरीका और अनुशासन अपनाने का संदेश दिया, जो व्यक्तित्व को निखारता है।
संवाद के दौरान सांदीपनि स्कूल की मेधावी छात्राओं ने मुख्यमंत्री से आधुनिक सवाल भी पूछे। एक छात्रा प्रिंसी वर्मा ने पूछा, “माननीय, क्या आप ChatGPT का प्रयोग करते हैं और उस पर क्या सर्च करते हैं?” मुख्यमंत्री ने जवाब दिया, “हां, मैं कार्यक्रमों के विषय में नई जानकारी खोजने के लिए इसका उपयोग करता हूं। लेकिन AI टूल्स अंतिम सत्य नहीं हैं, इसलिए फैक्ट्स को क्रॉस-चेक जरूर करें।” एक अन्य छात्रा लारा खत्री ने पूछा, “क्या आप इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते हैं और किसे फॉलो करते हैं?” मुख्यमंत्री ने कहा, “आज के समय में हर नेता को सोशल मीडिया का प्रयोग करना पड़ता है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को फॉलो करता हूं।”









