हरियाणा के रेवाड़ी में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में एक भूमि विवाद ने खौफनाक स्थिति उत्पन्न कर दी है। गांव के एक एलआईसी एजेंट महेश को लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह घटना बुधवार और गुरुवार की रात को हुई, जब गांव के ही महावीर और उसके परिवार के लगभग 18 से 20 सदस्य महेश के घर में घुस आए।
आरोपियों ने घर में घुसते ही किया हमला
घटना के दौरान आरोपियों के हाथों में लाठी, डंडे और धारदार हथियार थे। जैसे ही वे घर में दाखिल हुए, उन्होंने महेश पर हमला कर दिया। उसके सिर पर कई बार डंडे मारे गए और हाथ-पैर पर धारदार हथियार से वार किए गए। इस हमले में कई महिलाएं भी शामिल थीं। हमले के बाद आरोपियों ने महेश के शव को घसीटकर घर के बाहर फेंक दिया और धमकी देते हुए वहां से भाग गए।
परिवार के अन्य सदस्य भी घायल, विवाद जमीन को लेकर
महेश को बचाने की कोशिश में उसके भाई मुख्तयार, भाभी सरोज और चाची धनपति भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह विवाद 2017 से कोर्ट में विचाराधीन डेढ़ किल्ला जमीन को लेकर चल रहा है। महेश ने यह जमीन 2006 में महावीर से खरीदी थी, लेकिन कब्जा नहीं मिल पाया था।











