हरियाणा में सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर सवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया है कि हरियाणा में युवाओं की मेहनत और पढ़ाई के बावजूद सरकार की नीतियां उन्हें बेरोजगार बनाने का काम कर रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) की असिस्टेंट इंजीनियर (AE) भर्ती 2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि इन आंकड़ों से ही सरकार की असली स्थिति स्पष्ट हो जाती है।
भर्ती घोटालों और डोमिसाइल नियमों पर तीखा हमला
ढांडा ने तंज कसते हुए कहा कि अब HPSC का मतलब हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन नहीं, बल्कि ‘हायर आउटसाइडर्स सर्विस कमीशन’ रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने डोमिसाइल की शर्त को 15 साल से घटाकर 5 साल कर दी है, ताकि बाहरी उम्मीदवार आसानी से हरियाणा की सरकारी नौकरियों पर कब्जा कर सकें, विशेषकर आरक्षित श्रेणियों में।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का नारा ‘सबका साथ, सबका विकास’ अब ‘आउटसाइडर्स का साथ और हरियाणा के युवाओं का सत्यानाश’ बनकर रह गया है। ढांडा ने यह भी आरोप लगाया कि हरियाणा आज पेपर लीक और भर्ती घोटालों की मंडी बन चुका है, जहां युवाओं का भविष्य लाखों रुपये में बेचा जा रहा है।
परीक्षा घोटालों और राजनीतिक संरक्षण का मामला
CSIR-UGC-NET 2025 पेपर लीक मामले का जिक्र करते हुए ढांडा ने कहा कि सोनीपत से हुई गिरफ्तारियां स्पष्ट रूप से दिखाती हैं कि प्रश्नपत्र पहले ही बेचे जा रहे थे, जबकि सरकार इस पर चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने सवाल किया कि जब पुलिस की कार्रवाई खुद पेपर लीक की पुष्टि कर रही है, तो मुख्यमंत्री यह कैसे कह सकते हैं कि कोई घोटाला नहीं हुआ।
उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आखिर किसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं और क्या पेपर लीक माफिया को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। अनुराग ढांडा ने कहा कि आम आदमी पार्टी हरियाणा के युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है और इस अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने मांग की कि असिस्टेंट इंजीनियर भर्ती की निष्पक्ष जांच हो, हरियाणवी युवाओं को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता दी जाए और सभी पेपर लीक मामलों की CBI जांच कर दोषियों को कठोर सजा दी जाए। अंत में, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जागरूक नहीं हुई, तो आम आदमी पार्टी युवाओं के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगी।











