दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नकली दवाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को नकली दवाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने हरियाणा के समालखा क्षेत्र में स्थित एक बड़ी नकली दवा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है, जो दिल्ली से लगभग 100 किलोमीटर दूर है। इस छापेमारी में भारी मात्रा में नकली दवाएं, कच्चा माल और मशीनरी जब्त की गई है।
फैक्ट्री में चल रहा था नकली स्किन मेडिसिन का निर्माण
पुलिस के अनुसार, इस फैक्ट्री में महंगी स्किन से जुड़ी दवाओं की नकली पैकिंग और निर्माण कार्य हो रहा था। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री परिसर से सैकड़ों नीले रंग के बड़े ड्रम मिले, जिनमें तैयार पेस्ट भरा था। इन पेस्ट का उपयोग कर नकली स्किन मेडिसिन के नाम पर दवाएं बनाई जा रही थीं। इन नकली दवाओं को असली ब्रांड की तरह पैक कर बाजार में सप्लाई करने की योजना थी।
संगठित तरीके से चल रही थी नकली दवा की फैक्ट्री
क्राइम ब्रांच का कहना है कि यह फैक्ट्री संगठित तरीके से संचालित हो रही थी, जहां नकली दवाओं का निर्माण, पैकिंग और वितरण का पूरा नेटवर्क स्थापित था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) समेत कई राज्यों में नकली दवाओं की आपूर्ति कर रहा था, जिससे जनता की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था। पुलिस की यह कार्रवाई नकली दवाओं के खतरनाक खेल को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।











