दरभंगा में मोहर्रम सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक इंतजाम
बिहार के दरभंगा जिले में मोहर्रम के त्योहार को शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ी तैयारियां की हैं। इस पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को डीएम कौशल कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में विशाल फ्लैग मार्च निकाला गया।
सुरक्षा के लिए निकाला गया फ्लैग मार्च और निगरानी व्यवस्था
फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई और यह लहेरियासराय टावर, पंडासराय, लोहिया चौक, दरभंगा टावर, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, कादिराबाद, रेलवे स्टेशन, अल्लपट्टी और बेंता जैसे शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी जनता से संवाद कर उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही, लोगों को भरोसा दिलाया गया कि उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तत्परता से काम किया जा रहा है।
515 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
दरभंगा जिले में मोहर्रम के मद्देनजर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जिले के 515 से अधिक स्थानों पर तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी, सशस्त्र बल और प्रशासनिक कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि त्योहार पूरी शांति और सामाजिक सद्भाव के साथ संपन्न हो। डीएम कौशल कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाएं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि पर्व के दौरान सभी संवेदनशील इलाकों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की टीमें लगातार गश्त करेंगी और किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
इस दौरान, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजीत कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने के निर्देश दिए।










