हरियाणा के नूंह में युवती के साथ जघन्य अपराध
हरियाणा के नूंह जिले में एक चौंकाने वाली घटना प्रकाश में आई है, जिसमें 16 वर्षीय लड़की को पांच युवकों ने जबरदस्ती अगवा कर लिया। इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना ने क्षेत्र में भारी तनाव पैदा कर दिया है। एक पुलिस अधिकारी ने इस मामले की जानकारी एक न्यूज एजेंसी को दी है।
लड़की के पिता ने बताई घटना की पूरी कहानी
लड़की के पिता के अनुसार, 6 जून की सुबह जब वे जागे, तो उनकी बेटी घर पर नहीं थी। बाद में पता चला कि कुछ लोग उसे मोटरसाइकिल से घर छोड़ गए थे। जब उन्होंने उससे पूछा कि वह कहां गई थी, तो लड़की ने बताया कि वह शौकीन नामक व्यक्ति के पास गई थी। आरोपी का पहले उसके घर के पास किराने का दुकान था। पिता ने यह भी बताया कि आरोपी के पास बेटी का प्राइवेट वीडियो था, जिसे वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ बलात्कार किया गया।
पुलिस की कार्रवाई और आरोपी गिरफ्तारी का प्रयास
पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला पुलिस स्टेशन में POCSO (Protection of Children from Sexual Offences) अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि शौकीन के अलावा चार अन्य व्यक्तियों पर भी लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोप है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि 5 जून को लड़की को जंगल ले जाया गया और वहां उसके साथ गैंगरेप किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, जिसमें से एक आरोपी नाबालिग भी है। फिलहाल, इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और स्थिति अब सामान्य हो चुकी है।











