क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब दुनिया के पहले अरबपति फुटबॉलर
पुर्तगाल के फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो अब विश्व के पहले अरबपति फुटबॉलर बन गए हैं, यह जानकारी ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स ने दी है। रोनाल्डो को यह प्रतिष्ठा उनके हालिया सऊदी अरब की टीम अल नस्र के साथ मिले बड़े अनुबंध के कारण मिली है। पूर्व में रियल मैड्रिड, मैनचेस्टर यूनाइटेड और युवेंटस जैसे क्लबों के स्टार खिलाड़ी रोनाल्डो ने जनवरी 2023 में सऊदी प्रो लीग की टीम अल नस्र से जुड़ने के बाद अपने करियर का सबसे महंगा करार किया था। उस समय उनकी वार्षिक आय लगभग 20 करोड़ डॉलर (करीब 303.5 करोड़ रुपये) थी।
संपत्ति में हुई जबरदस्त वृद्धि और ब्रांड एंड़ोर्समेंट्स
जून 2025 में, 40 वर्ष की उम्र में, रोनाल्डो ने अल नस्र के साथ दो साल का नया अनुबंध किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 करोड़ डॉलर (लगभग 607 करोड़ रुपये) है, और यह टैक्स फ्री है। इस अनुबंध के बाद उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 1.4 अरब डॉलर (लगभग 2120 करोड़ रुपये) हो गई है। रोनाल्डो की आय केवल फुटबॉल से ही नहीं है, बल्कि वे Nike के साथ दस साल का अनुबंध कर चुके हैं, जिससे उन्हें हर साल करीब 1.8 करोड़ डॉलर (27.3 करोड़ रुपये) मिलते हैं। इसके अतिरिक्त Armani, Castrol जैसी कंपनियों के साथ उनके ब्रांड एंड़ोर्समेंट भी हैं, जिनसे उन्हें अब तक 17.5 करोड़ डॉलर (करीब 265.6 करोड़ रुपये) से अधिक की कमाई हुई है।
व्यावसायिक निवेश और भविष्य के सपने
इसके अलावा, रोनाल्डो ने विश्वभर में प्रॉपर्टी, व्यवसाय और होटल्स में भी निवेश किया है, विशेष रूप से पुर्तगाल और स्पेन में उनके कई प्रोजेक्ट्स हैं। उन्होंने पहले ही कहा है कि रिटायरमेंट के बाद वे फुटबॉल क्लब के मालिक बनना चाहते हैं। पुर्तगाली चैनल Canal 11 को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “अगर मैं क्लब का मालिक बन सकता हूं, तो मैं मैनेजर, स्पोर्टिंग डायरेक्टर या सीईओ क्यों बनूं? यही मेरा सपना है, और मुझे विश्वास है कि मैं इसे पूरा करूंगा। मैं कई क्लबों का मालिक बनना चाहता हूं।” अब रोनाल्डो उन चुनिंदा अरबपति खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं, जिनमें बास्केटबॉल के दिग्गज माइकल जॉर्डन और टेनिस स्टार रोजर फेडरर भी हैं। जहां फेडरर ने स्विस स्पोर्ट्सवियर ब्रांड On में निवेश कर अरबपति का दर्जा हासिल किया, वहीं माइकल जॉर्डन ने Nike के साथ लंबी अवधि की डील और NBA टीम Charlotte Hornets के मालिक रहते हुए अरबों की कमाई की। क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अरबपति बनना उनकी फुटबॉल प्रतिभा के साथ-साथ उनके बिजनेस माइंड और ग्लोबल ब्रांड वैल्यू का भी परिणाम है।











