इंदौर में आवारा कुत्ते का आतंक: 42 लोग घायल
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक आवारा कुत्ते ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है। सांवेर रोड क्षेत्र के अरविंदो अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में यह स्ट्रीट डॉग करीब दस घंटे तक आतंक फैलाते हुए 42 व्यक्तियों को घायल कर चुका है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें यह कुत्ता अचानक राहगीरों पर हमला करता नजर आ रहा है।
आवारा कुत्ते ने मचाया तबाही, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
जानकारी के अनुसार, इस आवारा कुत्ते ने लगभग आठ किलोमीटर के क्षेत्र में कई लोगों को निशाना बनाया। इस हमले में घायल हुए 42 व्यक्तियों में से 16 को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय निवासी अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
प्रशासन की कार्रवाई और लोगों की चिंता
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। कुत्ते को पकड़ने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया, लेकिन अभी तक वह पकड़ में नहीं आया है। नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि यदि समय रहते आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान किया गया होता, तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। इंदौर जिला प्रशासन ने घायलों के उपचार का प्रबंध किया है, और अधिकतर घायलों का इलाज अरविंदो अस्पताल में चल रहा है। साथ ही कई लोग रेबीज के टीके लगवाने शासकीय हुकुमचंद अस्पताल पहुंचे हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और किसी भी संदिग्ध या आक्रामक कुत्ते की सूचना तुरंत अधिकारियों को देने की अपील की है। इस घटना ने शहर में आवारा पशुओं की समस्या को फिर से उजागर कर दिया है।











