मध्य प्रदेश के विधायक का बाइक स्टंट वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश की कालापीपल विधानसभा से भाजपा के विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में विधायक बाइक चलाते समय हैंडल से दोनों हाथ छोड़कर हवा में लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं। जैसे ही यह मामला सामने आया, विपक्षी दल कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। इसके बाद विधायक ने तुरंत ही एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और जनता से बिना शर्त माफी मांगी।
यात्रा के दौरान विधायक का अनियंत्रित व्यवहार
दरअसल, यह घटना सोमवार को कालापीपल से जामनेर की ओर निकली ‘जल जन सेवा यात्रा’ (सेवा संकल्प यात्रा) की बाइक रैली के दौरान हुई। यह रैली ग्राम खरदौनकलां, आगखेड़ी जोड़ और खोंकराकलां पहुंची, जहां ग्रामीणों ने इसका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस रैली में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी अपने कार्यकर्ताओं के साथ हेलमेट पहनकर बुलेट चला रहे थे। अचानक, युवाओं के बीच उत्साह और जोश में आकर उन्होंने बाइक का हैंडल छोड़ दिया और दोनों हाथ हवा में उठाकर बाइक चलाते रहे। सौभाग्य से इस दौरान कोई दुर्घटना नहीं हुई।
विधायक ने माफी मांगते हुए कहा, गलती हुई है
विधायक ने वीडियो में कहा, “जो यात्रा निकली थी, उसमें युवाओं के उत्साह और जोश के कारण मेरे से बाइक चलाते समय हैंडल छूट गया। यह कोई स्टंट नहीं था, बस उत्साह में हो गया। मैं क्षेत्रवासियों और युवाओं से क्षमा चाहता हूं। मैं हमेशा यातायात नियमों का पालन करता हूं और आग्रह करता हूं कि कोई भी युवा इस तरह गाड़ी न चलाए। भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी।” इस घटना के बाद, विधायक ने स्वयं सामने आकर खेद व्यक्त किया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी, यह विधायक भोपाल से गणेश प्रतिमा लाते समय कार में मूर्ति को सीट बेल्ट बांधकर लाने की प्रशंसा पा चुके हैं, जिससे यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी फैली थी।
कांग्रेस का सरकार पर तीखा हमला
इस मामले पर कांग्रेस के पूर्व विधायक कुणाल चौधरी ने कड़ा विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री और शाजापुर पुलिस अधीक्षक (SP) को आड़े हाथ लिया। उन्होंने सवाल किया, “क्या मध्य प्रदेश में आम जनता और माननीयों के लिए अलग कानून हैं? यदि आम नागरिक या बच्चे गलती करें तो चालान होता है, लेकिन माननीय यदि स्टंट करें तो उन्हें सिर्फ गलती मानकर छोड़ दिया जाता है? क्या कानून जेब में रखकर यह दिखाया जा रहा है कि नेता कानून से ऊपर हैं? क्या एसपी साहब इस पर कार्रवाई करेंगे या इसे सिर्फ स्टंट मानकर छोड़ दिया जाएगा?”









