भोपाल के शाहपुरा में जहरखुरानी से पांच कुत्तों की मौत
राजधानी भोपाल के प्रतिष्ठित इलाके शाहपुरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसमें लक्ष्मी कैंपस में रहने वाले पांच कुत्तों को जहर देकर मार डाला गया। इनमें एक छोटा पिल्ला भी शामिल है। इस घटना ने स्थानीय निवासियों और पशु प्रेमियों को गहरा सदमा पहुंचाया है।
पशु प्रेमियों ने की जाँच की मांग, पुलिस ने दर्ज किया मामला
25 जनवरी से ही कॉलोनीवासियों ने गायब हुए कुत्तों की खोज शुरू की। जब वे पास के सुनसान मैदान में झाड़ियों के पीछे गए, तो उन्हें दो मृत कुत्ते मिले। थोड़ी दूर जाकर देखा तो दो और कुत्ते और एक छोटा पिल्ला भी बेहोश पड़ा था। पशु प्रेमी एक्टिविस्ट बिंदु रमाकांत पांडे ने बताया कि तुरंत ही इन कुत्तों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि इन पर जहर का प्रयोग किया गया था।
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
घटना के बाद पशु प्रेमियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश फैल गया है। कॉलोनी के लोग कुत्तों की देखभाल करते थे। शाहपुरा थाना प्रभारी ने शिकायत मिलने पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।











