दक्षिणी दिल्ली में जज की संदिग्ध मौत का मामला
दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क क्षेत्र में एक 30 वर्षीय जज अपने आवास पर मृत पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पद पर कार्यरत थे।
पुलिस को मिली सूचना और घटनाक्रम
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर लगभग 1:45 बजे सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। यह कॉल अमन शर्मा के जीजा शिवम ने किया था, जो डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने बताया कि अमन ने अपने घर के बाथरूम में आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत ग्रीन पार्क स्थित घर पहुंची। वहां अमन शर्मा को बाथरूम के अंदर पाया गया, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद अमन के पिता अलवर से दिल्ली आए और उन्होंने अपने बेटे से जुड़ी सारी बातें पुलिस को बताई।
पारिवारिक तनाव और मौत के पीछे का कारण
अमन शर्मा के रिश्तेदार राजेश शर्मा ने बताया कि घटना से एक रात पहले अमन ने अपने पिता को रात करीब 10 बजे फोन किया था। उन्होंने कहा कि वह बहुत परेशान हैं और जीना मुश्किल हो रहा है। पिता ने उन्हें संभालने की कोशिश की और पूछा कि आखिर समस्या क्या है। अमन की परेशानी सुनकर पिता तुरंत ही अलवर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए और करीब 12 बजे घर पहुंच गए।
घर पहुंचने पर पिता को पता चला कि अमन और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। अमन ने अपने पिता को बताया कि वह पिछले दो महीनों से मानसिक तनाव में हैं और लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि घर में उनकी पत्नी का पूरा नियंत्रण है और हर निर्णय उन्हीं के अनुसार लिया जाता है।
पिता ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अमन की पत्नी ने कथित तौर पर उन्हें घर छोड़ने को कहा और धमकी दी कि यदि वे नहीं गए तो पुलिस बुलाकर उन्हें बंद करवा देंगी। इसके बाद पिता ने बहू के माता-पिता से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका नंबर ब्लॉक कर दिया गया।
बाद में अमन की पत्नी के चाचा को बुलाया गया ताकि मामला सुलझाया जा सके। वह घर के पास पहुंचे भी, लेकिन उन्हें कोई संदेश मिला और वह वापस लौट गए। इस बीच घर में शोर-शराबा बढ़ गया। अमन एक कमरे में बैठे थे, जबकि उनकी पत्नी दूसरे कमरे में थीं। पिता का कहना है कि पत्नी ऊंची आवाज में बोल रही थीं और अमन रो रहे थे। कुछ देर बाद जब पिता ने पत्नी से पूछा कि अमन कहां है, तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता।
इसके बाद पिता ने अमन के मोबाइल पर कॉल किया, जिसकी घंटी बाथरूम से सुनाई दी। जब बाथरूम का दरवाजा तोड़ा गया, तो अमन पत्नी की चुन्नी से फांसी के फंदे पर लटके पाए गए। यह दृश्य देखकर परिवार सदमे में आ गया।











