दिल्ली पुलिस ने कुख्यात अपराधी आशीष बक्करवाला को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया
आउटर दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने बक्करवाला रूट क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान खतरनाक अपराधी आशीष बक्करवाला को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, यह अपराधी हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़ा हुआ है और उस पर हत्या सहित आठ से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
खुफिया सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि आशीष बक्करवाला अपने गांव बक्करवाला लौट रहा है। इस जानकारी के आधार पर स्पेशल स्टाफ ने तुरंत ही जाल बिछाया। जब पुलिस ने उसे सरेंडर करने के लिए कहा, तो अपराधी ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आशीष घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों से कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास और गैंग से जुड़ाव
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। हत्या के मामलों में जेल काटने के बाद वह हिमांशु भाऊ गैंग में शामिल हो गया था और उसी के इशारे पर वारदातें अंजाम दे रहा था। हाल ही में 14 मई की रात को राजधानी के मुंडका, रनहोला और कंझावला इलाकों में हुई फायरिंग की घटनाओं में भी इस आरोपी का नाम सामने आया है।










