दिल्ली के शाहदरा में पत्नी की हत्या का खुलासा, फरार पति गिरफ्तार
दिल्ली के शाहदरा जिले के जगतपुरी क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रॉपर्टी विवाद को लेकर पहले से ही साजिश रची थी और अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद उसने सबूत मिटाने का प्रयास किया, नकदी लेकर फरार हो गया और नेपाल भागने की योजना बना रहा था। पुलिस ने उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास से हिरासत में लिया। उसके पास से 12 लाख 75 हजार रुपये नकद और हत्या में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई है।
हत्या का मामला और पुलिस की जांच
पुलिस के मुताबिक 30 जुलाई को पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली कि गगन विहार स्थित एक घर में महिला की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्रॉइंग रूम में खून से लथपथ कोमल सिंह का शव देखा। शुरुआती जांच में खून से सनी एक कैंची भी मिली, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना गया है। मृतका के बेटे गौरव ने पुलिस को सूचना दी थी कि सुबह जब वह और उसकी बहन घर से निकले थे, तब उन्होंने अपने माता-पिता को प्रॉपर्टी विवाद को लेकर झगड़ते देखा था। शाम को जब मां का फोन नहीं आया, तो गौरव घर पहुंचा और वहां उसकी मां का शव देखा। उस समय पिता घर से फरार थे।
सीसीटीवी फुटेज और आरोपी की गिरफ्तारी
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी स्कूटी पर बैग लेकर जाता दिख रहा है। बैग से तलवार का हैंडल बाहर निकला हुआ था, जिसे कपड़े से ढकने का प्रयास किया गया था। एक अन्य फुटेज में महिला की चीखें स्पष्ट सुनाई दे रही हैं। सुबह करीब साढ़े नौ बजे बेटा गौरव और साढ़े दस बजे बेटी गौरिका को घर से निकलते देखा गया। जांच में पता चला कि हत्या के बाद आरोपी ने तलवार अपने साथ ले ली और रास्ते में उसे छुपा दिया। इसके बाद उसने अपने दो बैंक खातों से सात लाख रुपये निकाले और पत्नी के कमरे से पांच लाख रुपये नकद भी ले लिए। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी का पीछा किया और अंततः उसे मथुरा रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया।










