ऑनलाइन स्पिरिचुअल फ्रॉड का पर्दाफाश: पंजाब से दो गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने एक बड़े साइबर फ्रॉड रैकेट का खुलासा किया है, जिसमें मुख्य रूप से महिलाओं के नाम पर फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगने का काम किया जा रहा था। इस मामले में सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की साइबर टीम ने पंजाब के मोहाली से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर नकली खातों के माध्यम से लोगों को जाल में फंसाते थे।
फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट्स से जालसाजी का खेल
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिलाओं के नाम से पोस्ट और कमेंट कर यह दावा किया कि एक चमत्कारी बाबा ने उनके प्यार, शादी और पारिवारिक समस्याओं का समाधान कर दिया है। इन पोस्ट्स को देखकर परेशान लोग उनसे संपर्क करते थे। इसके बाद आरोपी अपने मोबाइल नंबर साझा कर खुद को स्पिरिचुअल हीलर बताकर लोगों से मोटी रकम वसूलते थे।
धोखाधड़ी का तरीका और गिरफ्तारी
आरोपी पूजा-पाठ, तंत्र विद्या और विशेष उपायों के नाम पर लोगों से भारी रकम ऐंठते थे। एक शिकायतकर्ता से आरोपियों ने छह ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2 लाख 51 हजार रुपये ठगे। जांच के दौरान पुलिस ने आईपी डिटेल्स, व्हाट्सएप नंबर, इंस्टाग्राम अकाउंट्स और बैंक ट्रांजैक्शन की पड़ताल की। पता चला कि ये आरोपी ‘All Problems Solutions’ नामक साइबर फ्रॉड नेटवर्क चला रहे थे। मोहाली में छापेमारी कर पुलिस ने दोनों आरोपियों गणेश और मंदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की उम्र 21 वर्ष है, जिसमें गणेश बीए चौथे सेमेस्टर का छात्र है और मंदीप सिंह ने आईटीआई डीजल मैकेनिक का कोर्स किया है। उनके पास से पांच स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं, जिनमें फर्जी इंस्टाग्राम और फेसबुक प्रोफाइल, व्हाट्सएप अकाउंट, चैट्स और QR कोड जैसे डिजिटल सबूत मिले हैं। जांच में यह भी पता चला कि देशभर में दो हजार से अधिक लोग इन फर्जी खातों के संपर्क में थे। पुलिस अब पूरे मनी ट्रेल की जांच कर रही है और पीड़ितों की तलाश में जुटी है।










