दिल्ली के प्रमुख होटलों में खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों का खुलासा
दिल्ली के दो प्रसिद्ध फाइव स्टार होटलों में एफएसएसएआई (FSSAI) की जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियों का पता चला है। इन होटलों में एक्सपायर्ड मिठाइयों, खराब सब्जियों, गंदे बर्तनों, कॉकरोच, मक्खियों और सफाई की अनदेखी की शिकायतें मिली हैं। इन होटलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन उजागर हुआ है।
खाद्य प्रसंस्करण और सफाई में मिली खामियां
जांच में होटल की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन की व्यवस्था में भी कई कमियां सामने आईं। एक किचन में दोनों तरह के भोजन के लिए इस्तेमाल होने वाले कटिंग बोर्ड को एक ही पानी के कंटेनर में रखा जाना पाया गया। रूम डाइनिंग किचन में शाकाहारी भोजन के बर्नर पर मांसाहारी व्यंजन बनाने की बात भी प्रकाश में आई।
फ्रीजर के पास कॉकरोच और ग्राइंडिंग रूम में मक्खियां और मच्छर पाए गए। कई स्थानों पर मकड़ी के जाले भी मिले। बॉटलिंग प्लांट के अंदर गुटखा का पैकेट भी बरामद हुआ। अधिकारियों ने कचरा प्रबंधन और तापमान नियंत्रण में भी खामियों का उल्लेख किया है।
इसके अलावा, एलर्जी वाले खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था भी सही नहीं थी। सप्लायर से सामान लेने के समय जरूरी जांच नहीं की जा रही थी। एफएसएसएआई ने इन होटलों से घी, वेजिटेबल मेयोनीज, नारियल मिल्क पाउडर, दाल, टोमैटो सॉस, ऑरेंज मार्मलेड और नारियल कुकीज के सैंपल भी लिए हैं।
जांच में मिली खामियों का विस्तृत विवरण
दो दिन चली जांच के दौरान ज्वाइपर होटेल्स प्राइवेट लिमिटेड (Andaz Aerocity Delhi) और JW मैरियट दिल्ली में कुल 59 खामियां पाई गईं। इन होटलों के लाइसेंस और लेबल संबंधी नियमों का उल्लंघन भी सामने आया। कुछ पैक्ड सामान पर एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर गलत या अधूरा था, जबकि कई पैकेट पर निर्माता का पूरा पता नहीं था। होटल का लाइसेंस भी प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं था।
खाद्य पदार्थों के लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज जैसे पनीर, खोया, चना मसाला और मिर्च का भी अभाव पाया गया। जांच में यह भी पता चला कि JW होटल की रसोई में गंदे बर्तन, खराब स्टोरेज कंटेनर, और साफ-सफाई की अनदेखी की गई थी। पीने के पानी में भी गंदगी के कण पाए गए। कॉकरोच, मक्खियां और फफूंद लगी सब्जियां भी मिलीं।
खाद्य सामग्री जैसे सेब, टमाटर, और अन्य खाद्य पदार्थ खुले में रखे गए थे। कई जगह स्टोरेज सिस्टम भी खराब हालत में थे। जांच में यह भी पता चला कि होटल की चाइनीज, इंडियन, इटैलियन और बेकरी किचन में सफाई और स्टोरेज से जुड़ी कमियां मौजूद थीं। एफएसएसएआई ने इन होटलों से शहद, मिल्क व्हाइटनर, पीने का पानी, रेड वेलवेट स्पंज, रसमलाई, खोया, पनीर और चटनी के सैंपल भी लिए हैं।











