दिल्ली में पिज्जा लूट और धक्का-मुक्की का वायरल वीडियो
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के बीच एक घटना ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है, जिसमें एक पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ धक्का-मुक्की और उसकी पिज्जा लूटने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग डिलीवरी बॉय की बाइक को रोककर उसके पीछे रखी बास्केट से पिज्जा निकाल रहे हैं।
डिलीवरी बॉय की बाइक रोककर पिज्जा लूट का मामला
वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि युवक अपनी बाइक से पिज्जा की डिलीवरी कर रहा था, तभी रास्ते में कुछ असामाजिक तत्वों ने उसे रोक लिया। भीड़ ने उसकी बाइक के पीछे रखी डिलीवरी बास्केट से पिज्जा निकालना शुरू कर दिया। जितना भी पिज्जा हाथ में आया, वह लेकर वहां से भाग गए। इस घटना के दौरान हुई धक्का-मुक्की में डिलीवरी बॉय को चोट भी लगी है।
पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली
घटना के बाद कुछ लोग डिलीवरी बॉय को भीड़ से बचाते हुए नजर आए, जिसके बाद वह अपनी बाइक लेकर वहां से चला गया। इस घटना से इलाके में नाराजगी का माहौल है, जो कि नई दिल्ली के पॉश और सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस घटना का वीडियो उनके पास पहुंचा है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि यह वीडियो शुक्रवार का है और अभी वे मामले की जांच कर रहे हैं।










