प्रशांत किशोर की पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी
राजनीति में रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची का ऐलान किया है। इस सूची में बिहार के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से नौ प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि करगहर विधानसभा सीट से खुद प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन पार्टी ने यहां भोजपुरी गायक रितेश पांडे को टिकट दिया है।
मुख्य उम्मीदवारों के नाम और सीटें
जन सुराज ने अपनी पहली सूची में गोपालगंज की भोरे सीट से प्रीति किन्नर, दरभंगा सदर से आरके मिश्रा, सहरसा शहर से किशोर मुन्ना, छपरा शहर से पूर्व एडीजी जेपी सिंह और इमामगंज से अजीत राम को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, कुम्हार, गया जिले की शेरघाटी और सारण जिले की मांझी सीट से भी प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए हैं। कुम्हार सीट से केसी सिन्हा, शेरघाटी से पवन किशोर और मांझी से वाईवी गिरि पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
क्या प्रशांत किशोर खुद चुनाव लड़ेंगे?
प्रशांत किशोर ने स्पष्ट किया है कि यदि वे चुनाव लड़ेंगे तो करगहर या राघोपुर से उतरेंगे। करगहर सीट से रितेश पांडे की उम्मीदवारी के साथ ही यह संकेत मिल रहा है कि पीके अब राघोपुर सीट से भी मैदान में उतर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि रितेश पांडे और पूर्व एडीजी जेपी सिंह ने कुछ महीने पहले ही जन सुराज की सदस्यता ली थी, और अब दोनों को पार्टी ने टिकट भी दिया है।









