बिहार के भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर पर बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री का बयान
बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर को लेकर बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि भरत तिवारी एक हिंदू और सनातनी युवक था, जो हिंदुत्व और सनातन धर्म के प्रति समर्पित था। उन्होंने बताया कि भरत ने प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन इसके बाद पुलिस ने उस पर गोली चलाई। यह जानकारी मुझे प्राप्त हुई है।
मामले की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर
धीरेंद्र शास्त्री ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि भरत तिवारी अपराधी था, तो उसे न्यायपालिका के माध्यम से सजा मिलनी चाहिए थी। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी आग्रह किया कि इस मामले की जांच कराई जाए। यदि भगवान ने चाहा, तो भविष्य में भरत तिवारी के परिवार से मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जो कुछ हुआ, वह उचित नहीं था और इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए।
भरत तिवारी एनकाउंटर का मामला और परिवार की मांग
17 जून को भरत तिवारी का एनकाउंटर किया गया था, जिसे लेकर उनके परिवार ने इसे हत्या करार दिया है। परिवार का आरोप है कि भरत ने पुलिस के सामने हथियार फेंक दिए थे और आत्मसमर्पण किया था, बावजूद इसके पुलिस ने उसे घेरकर गोली मार दी। इस घटना के बाद से ही परिवार और स्थानीय समुदाय न्याय की मांग कर रहे हैं।









