बिहार में अपराध नियंत्रण के लिए नई पहल
बिहार सरकार ने अपराध से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाने की योजना बनाई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और मामलों के शीघ्र समाधान के लिए 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा।
फास्ट ट्रैक कोर्ट की स्थापना का उद्देश्य
सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में लिखा कि अपराध से संबंधित मामलों के तेजी से निपटारे और नियंत्रण के लिए 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस कदम से लंबित आपराधिक मामलों का जल्द समाधान संभव होगा और दोषियों को समय पर सजा मिल सकेगी। इससे कानून का भय भी मजबूत होगा और न्याय व्यवस्था अधिक प्रभावी बनेगी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट से क्या उम्मीदें हैं?
सरकार का मानना है कि इन कोर्टों के बनने से गंभीर अपराधों की सुनवाई में तेजी आएगी, जिससे न्यायिक प्रक्रिया अधिक प्रभावशाली होगी और आम जनता का न्याय व्यवस्था पर भरोसा भी बढ़ेगा। साथ ही, अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई से कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ये 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट कब तक स्थापित होंगी और किन जिलों में शुरू की जाएंगी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुख्य रूप से हत्या, दुष्कर्म, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध, लैंगिक हिंसा, पॉक्सो अधिनियम से जुड़े मामले, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों, गंभीर आपराधिक मामलों और अन्य विशेष रूप से चिन्हित मामलों की सुनवाई की जाती है। इन अदालतों का मुख्य उद्देश्य लंबित मामलों का बोझ कम करना और पीड़ितों को समय पर न्याय प्रदान करना है।










