दिल्ली सरकार ने ASHA वर्कर्स के लिए बड़ा फैसला लिया
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने राजधानी में कार्यरत आशा (ASHA) वर्कर्स के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। दिल्ली कैबिनेट ने इन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को मिलने वाले मासिक इंसेंटिव को दोगुना करने की मंजूरी प्रदान की है। अब उन्हें हर माह 3000 रुपये की बजाय 6000 रुपये मिलेंगे।
मौजूदा इंसेंटिव में हुई वृद्धि से लाभान्वित होंगे हजारों आशा वर्कर्स
यह निर्णय लगभग 6725 आशा वर्कर्स को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाएगा, जो दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। ये वर्कर्स मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, और सरकारी योजनाओं से जुड़ने जैसी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। रेखा गुप्ता सरकार के इस फैसले से आशा वर्कर्स का आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनकी सेवाओं में सुधार आएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ अन्य योजनाएं भी शुरू
इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने बाहरी छात्रों के लिए 10,000 बेड वाले अत्याधुनिक हॉस्टल बनाने का भी निर्णय लिया है। इन हॉस्टल में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, और इन पर पहले ही कार्य शुरू हो चुका है। साथ ही, राजधानी में पहले चरण में 500 आधुनिक सार्वजनिक शौचालय ब्लॉक बनाने का भी फैसला लिया गया है। इन परियोजनाओं के लिए दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति (EFC) ने 266.26 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
इन शौचालयों में सोलर पैनल, CCTV कैमरे और मैकेनिकल वेंटिलेशन जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। इनसे न केवल सुरक्षा और ऊर्जा दक्षता बढ़ेगी, बल्कि उपयोगकर्ताओं के लिए सुविधाजनक भी बनेंगी। इन परियोजनाओं में भवन निर्माण के साथ-साथ बागवानी और फर्नीचर से जुड़े कार्य भी शामिल हैं, ताकि आसपास के क्षेत्र का भी विकास हो सके।










