दिल्ली में सड़क रखरखाव की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई डिजिटल पहल
दिल्ली सरकार ने सड़क निर्माण और मरम्मत की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग (PWD) ने ‘Know Your Road’ नामक परियोजना की तैयारियों को पूर्ण कर लिया है। इस महत्वाकांक्षी डिजिटल पहल का जल्द ही औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि दिल्ली की सभी PWD सड़कों पर विशेष क्वालिटी कोड (QR code) लगाए जाएं, ताकि नागरिकों को सड़क से जुड़ी विस्तृत जानकारी तुरंत मिल सके।
क्यूआर कोड से सड़क की जानकारी और शिकायत का आसान तरीका
इस योजना के अंतर्गत, हर सड़क पर एक क्यूआर कोड लगाया जाएगा, जिसे कोई भी नागरिक अपने मोबाइल फोन से स्कैन कर सकता है। स्कैन करने पर सड़क का नाम, उसकी लंबाई, निर्माण की तारीख, अंतिम मरम्मत कब हुई, सड़क का रखरखाव किस विभाग के पास है, संबंधित कार्यकारी अभियंता का नाम और संपर्क जैसी जानकारी उपलब्ध होगी। इसके साथ ही, यदि सड़क पर गड्ढा, टूटी सतह, जलभराव जैसी कोई समस्या हो, तो नागरिक सीधे उसी क्यूआर कोड के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इससे शिकायतों की निगरानी और समाधान प्रक्रिया अधिक प्रभावी और समयबद्ध होगी।
प्रोजेक्ट का विस्तार और जनता के लिए लाभ
PWD के अनुसार, इस परियोजना के तहत लगभग 2,500 क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, जो विभाग के लगभग 1,400 किलोमीटर लंबे सड़क नेटवर्क को कवर करेंगे। इन कोडों को प्रमुख स्थानों पर इस तरह स्थापित किया जाएगा कि राहगीर और वाहन चालक आसानी से उन्हें स्कैन कर सकें। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य है कि सड़क निर्माण और रखरखाव से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां जनता के लिए पूरी तरह से सार्वजनिक हो जाएं। क्यूआर कोड स्कैन करने पर, नागरिकों को यह भी पता चलेगा कि आखिरी बार सड़क की मरम्मत कब हुई थी और इसकी देखरेख के लिए जिम्मेदार अधिकारी कौन हैं। इससे विभाग में पारदर्शिता बढ़ेगी और लापरवाह अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी।










