मध्य प्रदेश में बुजुर्ग के साथ क्रूरता का मामला सामने आया
रायसेन जिले के एक गांव में एक शर्मनाक और अमानवीय घटना प्रकाश में आई है, जिसमें एक 70 वर्षीय बुजुर्ग को बेटे की प्रेम शादी के कारण अत्याचार का सामना करना पड़ा। इस घटना में ग्राम अगरिया मारखो के निवासी बिहारी बंजारा को न केवल मारपीट का शिकार बनाया गया, बल्कि उन्हें जबरन पेशाब पिलाकर उसका वीडियो भी बना लिया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
लड़की भगाने का मामला और बुजुर्ग के साथ हिंसा
जानकारी के अनुसार, 5 मार्च को रायसेन के नयापुरा अगरिया मालखो टोला निवासी एक युवक ने विदिशा जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तलैया की नाबालिग लड़की को भगाकर ले गया था। इस घटना के बाद 6 मार्च को शमशाबाद थाने में मामला दर्ज किया गया। अगले दिन 7 मार्च की सुबह, लड़की के परिजन और रिश्तेदार दो चारपहिया वाहनों में सवार होकर रायसेन पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले बुजुर्ग बिहारी बंजारा से लड़की के बारे में पूछताछ की और फिर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद, बहाने से उन्हें अपने साथ चलने को कहा और जबरदस्ती वाहन में बिठाकर ले गए। बताया गया है कि लगभग 10 से 12 लोग बुजुर्ग को राजगढ़ जिले के मोतीपुरा गांव ले गए, जहां से लड़की और लड़के का कोई पता नहीं चला।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
इस घटना के दौरान गुस्साए लोगों ने बुजुर्ग के साथ क्रूरता की हदें पार कर दीं। उन्होंने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया, शराब की बोतल में पेशाब भरकर उन्हें पिलाया और इसका वीडियो भी बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लिया। पीड़ित बुजुर्ग बिहारी बंजारा अपने परिवार के साथ पुलिस चौकी सेण्डोरा पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद रायसेन पुलिस ने राजगढ़ पुलिस को भी सूचित किया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा के अनुसार, यह घटना 7 मार्च की है, जबकि वीडियो बुधवार को वायरल हुआ। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए, अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।









