सोशल मीडिया पर बामा काली नृत्य का वीडियो वायरल
इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर बामा काली माता के नृत्य का वीडियो तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि रात के समय माता काली की भव्य शोभायात्रा निकाली जा रही है। हजारों श्रद्धालु सड़क पर खड़े होकर इस अद्भुत यात्रा का आनंद ले रहे हैं। यह अनूठी यात्रा शायद ही किसी ने पहले देखी हो। वीडियो में स्पष्ट रूप से दिख रहा है कि भक्त माता चंडी की विशाल प्रतिमा को कंधों पर उठाए हुए हैं। साथ ही, चारों ओर ढोल और ढाक की धुनें बज रही हैं। संगीत की लय पर भक्त माता की प्रतिमा के साथ नृत्य कर रहे हैं, जिसे बामा काली नाच या बामा काली नृत्य कहा जाता है।
माता काली के इस दिव्य नृत्य का दृश्य
यह दृश्य इतना अलौकिक और दिव्य है कि देखने वाले मंत्रमुग्ध होकर केवल माता की ओर ही देख रहे हैं। वे संगीत की धुन पर नृत्य में लीन हो गए हैं। इस वीडियो ने श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा के एक अनोखे रूप को बहुत ही सुंदर तरीके से दर्शाया है। सोशल मीडिया पर इंस्टाग्राम के @deckle_edge अकाउंट से इस वीडियो को साझा किया गया है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के शांतिपुर क्षेत्र का है।
बामा काली का तांत्रिक और उग्र स्वरूप
बामा काली माता का स्वरूप दुर्गा का एक उग्र और तांत्रिक रूप है। ‘बामा’ का अर्थ होता है बायां भाग, और ‘काली’ का अर्थ है काला या समय। माता काली का यह बामा रूप उस घटना का प्रतीक है जब माता ने भगवान शिव पर अपना बायां पैर रखा था। इसलिए इस रूप को बामा काली कहा जाता है। यह रूप दर्शाता है कि माता ने समय और शक्ति का प्रतीक बनकर अपने भक्तों की रक्षा की है।











