शिक्षकों के पैर छूने का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व
हिंदू धर्म में शिक्षकों को भगवान के समान माना जाता है, और बच्चों को बचपन से ही यह सिखाया जाता है कि गुरु का सम्मान और आदर करना चाहिए। इस सम्मान के प्रतीक के रूप में कई छात्र अपने शिक्षकों के पैर छूते हैं। हालांकि, यह भी कहा जाता है कि किसी के पैर छूने से उनके पुण्य नष्ट हो सकते हैं। ऐसे में यह सवाल उठता है कि जब छात्र श्रद्धा और सम्मान के साथ अपने शिक्षकों के पैर छूते हैं, तो क्या इससे उनके पुण्य का नुकसान होता है?
महिला शिक्षिका का सवाल और प्रेमानंद जी महाराज का उत्तर
एक महिला शिक्षिका ने पत्र के माध्यम से प्रेमानंद जी महाराज से पूछा कि वह शिक्षिका हैं और अक्सर उनके छात्र उनके पैर छूते हैं। वह उन्हें मना भी करती हैं, लेकिन छात्र नहीं मानते। उन्हें चिंता रहती है कि कहीं इससे उनके पुण्य नष्ट न हो जाए। इस सवाल का जवाब देते हुए प्रेमानंद जी महाराज ने कहा कि सामान्य रूप से ऐसा करने से पुण्य नष्ट हो सकता है, लेकिन इसका एक आध्यात्मिक समाधान भी है।
पुण्य की रक्षा के लिए कैसे करें सही तरीका
प्रेमानंद जी महाराज के अनुसार, यदि शिक्षक अपने छात्रों के पैर छूने से पहले ही मन ही मन भगवान का स्मरण कर लें, तो उनके पुण्य का नुकसान नहीं होता। उनका मानना है कि हर व्यक्ति में भगवान का वास होता है, इसलिए किसी से अपने पैर नहीं छूने चाहिए। यदि कोई श्रद्धा और सम्मान के साथ आपके पैर छूता है, तो उससे पहले मन ही मन भगवान का स्मरण कर लें। ऐसा करने से न केवल आपका पुण्य सुरक्षित रहता है, बल्कि सामने वाले का सम्मान भी बना रहता है।











