ट्विशा शर्मा मौत मामले में नया खुलासा
ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े मामले में एक महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। गवाह नीरज दुबे ने आरोप लगाया है कि समर्थ सिंह के मित्रों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी है। यह घटना 30 तारीख को हुई थी, और दावा किया जा रहा है कि इस घटना का वीडियो भी कैमरे में कैद हुआ है। नीरज दुबे कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में सांची पार्लर चलाते हैं, जो गिरिबाला सिंह के घर के पास स्थित है। उनका कहना है कि वह ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में गवाह हैं और इसी कारण से उन्हें धमकियां मिल रही हैं।
गवाह ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की
नीरज दुबे ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच के दौरान एसआईटी ने उनका पंचनामा तैयार किया था, जिसमें उन्हें गवाह बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि समर्थ सिंह के मित्र संदीप भट्टाचार्य और अन्य लोगों ने उनसे पूछा कि वह इस केस में गवाह क्यों बन रहे हैं, और इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। नीरज का कहना है कि चार से पांच लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की जांच जारी है।
सीबीआई की जांच और घटनाक्रम का रीक्रिएशन
वहीं, ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) लगातार मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रहा है। रिमांड समाप्त होने से पहले ही सीबीआई ने समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को उनके घर पर बुलाकर पूरे घटनाक्रम का पुनः परीक्षण किया। जांच एजेंसी का उद्देश्य यह समझना है कि ट्विशा को फंदे से नीचे कैसे उतारा गया। इसके लिए करीब 80 किलो वजन के डमी पुतले का उपयोग किया गया, और घटनास्थल का रीक्रिएशन किया गया। समर्थ सिंह ने अपने बयान में कहा था कि उसने ही ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था, जबकि उसकी मां ने जिमनास्टिक के फंदे की गांठ खोली थी। सीबीआई बेल्ट और लिगेचर की मजबूती का भी परीक्षण कर रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कितना वजन सह सकती थी।











