मध्य प्रदेश के शहडोल में जमीनी विवाद के कारण दो भाइयों की निर्मम हत्या
शहडोल जिले में दीपावली के दूसरे दिन जमीन के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब दो सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य घटना के दौरान तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा खुद अपने मोबाइल से इस क्रूर वारदात का वीडियो बना रहा था। वीडियो में आरोपी और उसके साथी मृतकों को फरसा, तलवार और डंडों से पीटते हुए देखा जा सकता है।
घटना का स्थान और पीड़ितों का परिवार
यह घटना बुढार थाना क्षेत्र के केशवाही चौकी के ग्राम बलबहरा की है। मृतक राहुल तिवारी, उनके भाई राकेश तिवारी और सतीश तिवारी दीपावली की शाम अपनी ऑटो पार्ट्स की दुकान में दिया जलाने गए थे। उसी समय गांव का ही आरोपी अनुराग शर्मा अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और हमला कर दिया। इस हमले में राकेश तिवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राहुल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। तीसरे भाई सतीश तिवारी अभी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
हत्या की वजह और पुलिस की कार्रवाई
मृतकों के पिता पुरुषोत्तम तिवारी ने बताया कि यह हमला पुराने जमीन विवाद के कारण हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि 2021 में आरोपी अनुराग ने उनके बेटों को पिस्टल दिखाकर धमकाया था। घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने NH-43 पर जाम लगा दिया। पुलिस ने चार घंटे बाद जाम खोलने में सफलता पाई जब केशवाही चौकी प्रभारी आशीष झरिया को लाइन अटैच किया गया। फिलहाल, पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुराग शर्मा और उसके कुछ साथियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य फरार हैं। दीपावली जैसे त्योहार पर हुई इस जघन्य हत्या से जिले में दहशत और गुस्सा व्याप्त है।









