सीहोर के लाचौर में गाय के अंतिम संस्कार का अनूठा दृश्य
मध्य प्रदेश (MP) के सीहोर जिले के लाचौर गांव में एक ऐसी घटना देखने को मिली जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है। यहां भाजपा नेता श्यामलाल मीणा के परिवार ने अपनी पालतू गाय की मृत्यु पर उसे परिवार के सदस्य की तरह अंतिम विदाई दी। यह घटना न केवल गांव में बल्कि आसपास के इलाकों में भी चर्चा का केंद्र बन गई है।
गांव में गाय का सम्मान और श्रद्धांजलि का अनूठा तरीका
लाचौर गांव निवासी भाजपा नेता श्यामलाल मीणा की गाय कई वर्षों से उनके घर का हिस्सा थी। परिवार के सदस्य इसे केवल एक पशु नहीं बल्कि अपने घर का अभिन्न अंग मानते थे। जब गाय राधा ने अंतिम सांस ली, तो पूरे घर में शोक का माहौल छा गया। अंतिम संस्कार के लिए एक बैलगाड़ी सजाई गई, जिसमें शवयात्रा के दौरान ढोल-नगाड़े बजाए गए और पटाखे फोड़े गए। ग्रामीणों ने भी इस शवयात्रा में भाग लेकर गौमाता को श्रद्धांजलि अर्पित की।
गाय के अंतिम संस्कार में वैदिक विधि और समाज का संदेश
गाय का अंतिम संस्कार पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। परिवार के सदस्यों का कहना है कि गाय उनके जीवन का अहम हिस्सा थी। वर्षों से साथ रहने के कारण वह घर के बच्चों और बड़ों सभी की प्रिय थी। इस विशेष विदाई को यादगार बनाने के लिए परिवार ने इसे एक उत्सव की तरह मनाया, ताकि समाज में गौ-सेवा और जीव दया का संदेश फैल सके। यह घटना समाज में पशु प्रेम और जीवदया की भावना को प्रोत्साहित करने का एक प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।











