मध्यप्रदेश पीएससी परीक्षा का परिणाम घोषित, पूजा जाट ने हासिल किया सातवां स्थान
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने वर्ष 2023 की राज्य सेवा परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस बार का परिणाम उन युवाओं के लिए प्रेरणादायक है जिन्होंने कठिनाइयों के बावजूद अपने लक्ष्यों को प्राप्त किया। इस परीक्षा में एक खास नाम उभरा है, पूजा जाट का, जिन्होंने सामाजिक बाधाओं को पार कर अपने सपनों को साकार किया। नीमच जिले के छोटे से गांव हरवार से निकली पूजा ने इस परीक्षा में सातवां स्थान प्राप्त किया है और अब वह डीएसपी (डिप्टी एसपी) के पद पर पदस्थ हैं।
कठिनाइयों से भरा बचपन और संघर्ष की कहानी
पूजा का बचपन बहुत ही संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में बीता। वह एक किसान परिवार से हैं, जहां उनके पिता नशे की गिरफ्त में थे और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी। पूजा की मां संतोष बाई ने बच्चों की पढ़ाई के लिए राजस्थान का रुख किया, जहां से पूजा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की। बचपन से ही पूजा के अंदर कुछ कर दिखाने का जज्बा था। बाद में, उनकी मां अपने दोनों बच्चों के साथ वापस हरवार लौट आईं।
परिवार का संघर्ष और बेटी के सपनों का समर्थन
पूजा के बड़े भाई आनंद जाट ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली। पिता ने नशा छोड़ दिया और खेती ही परिवार की आय का मुख्य स्रोत बन गई। कुछ बीघा जमीन से ही परिवार का गुजारा चलता था, जिसमें से आनंद हर साल 1 से 1.5 लाख रुपये पूजा की पढ़ाई के लिए अलग रखते थे। आनंद का सपना था कि उसकी बहन अधिकारी बने। वह दिन-रात खेतों में मेहनत करता और कई बार कर्ज लेकर पूजा की फीस और जीवन यापन का खर्च उठाता। समाज के लोग कहते थे कि लड़कियों को इतना पढ़ाने का क्या फायदा, लेकिन आनंद ने अपने सपनों और बहन के भविष्य की परवाह की।









