ग्वालियर में नवविवाहित जोड़े की आत्महत्या से हड़कंप मच गया
ग्वालियर (Gwalior) में एक नवविवाहित जोड़े की आत्महत्या ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। 25 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधे सिद्धार्थ कांदिल और मेघा उर्फ ज्योति की जिंदगी महज 27 दिनों में ही समाप्त हो गई। 20 मई को मेघा ने अपने मायके में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी, जिसके बाद पति सिद्धार्थ ने 22 मई को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिवार में गहरा सदमा और पुलिस की जांच जारी
पत्नी की मौत से सिद्धार्थ पूरी तरह टूट चुका था। सूत्रों के अनुसार, वह गहरे सदमे में चला गया था। पत्नी की मौत के दो दिन बाद, 22 मई को उसने भी पिंटो पार्क (Pinto Park) स्थित अपने घर के बाथरूम में फांसी लगा ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। जिन घरों में कुछ दिन पहले खुशियों का माहौल था, वहां अब मातम और आंसू ही दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने दोनों घटनाओं को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वे मोबाइल रिकॉर्डिंग और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच, विशेषज्ञों से मिल रही मदद
सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू का ध्यान रखते हुए मोबाइल रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट हो सके।
यदि आप या आपका कोई परिचित खुदकुशी के विचारों से जूझ रहा है, तो यह एक गंभीर मेडिकल इमरजेंसी है। तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें। आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं। आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे। याद रखें, जीवन है तो ही जहान है।











