गुना में किसान हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मध्य प्रदेश के गुना जिले में किसान रामस्वरूप धाकड़ की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी महेंद्र नागर को 55 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के तुरंत बाद प्रशासन ने उसके अवैध निर्माण स्थल पर बुलडोजर चलाया और साथ ही बिजली चोरी के तार और खंभों को भी तोड़ दिया। इस कार्रवाई में पुलिस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने भाग लिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रशासनिक कार्रवाई
गुना पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें महेंद्र नागर, जितेंद्र नागर, हरीश नागर और मुख्य आरोपी महेंद्र का बड़ा भाई हुकुम नागर शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि महेंद्र नागर भाजपा का नेता है, लेकिन घटना के बाद पार्टी ने उसे तुरंत ही निष्कासित कर दिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हत्या का मामला और पुलिस की जांच
यह मामला रविवार को फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गणेशपुरा गांव में हुआ था, जहां बीजेपी नेता महेंद्र नागर ने किसान रामस्वरूप धाकड़ की बेरहमी से हत्या कर दी थी। जानकारी के अनुसार, जब रामस्वरूप अपनी पत्नी के साथ खेत जा रहे थे, तभी आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया। पहले उन्हें लाठियों से पीटा गया, फिर आरोपी ने अपनी थार गाड़ी से उनके ऊपर चढ़ा दिया। घटना को देखकर जब उनकी बेटियां पिता को बचाने पहुंचीं, तो आरोपी ने उनके कपड़े फाड़ दिए और हवाई फायर कर दहशत फैलाई। घायल किसान को अस्पताल ले जाने से पहले ही एक घंटे तक रोका गया, जिससे इलाज में देरी हुई और उसकी मौत हो गई।










