मध्य प्रदेश की राजधानी में दर्दनाक हिट एंड रन हादसा
बुधवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक गंभीर सड़क दुर्घटना में कक्षा 11 के छात्र आतिफ हुसैन की दुखद मौत हो गई। यह हादसा श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र के कमला पार्क के पास हुआ, जब तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी।
तेज रफ्तार वाहन ने छात्र को मारी टक्कर
टक्कर के तुरंत बाद ही चालक ने वाहन को तेज़ी से आगे बढ़ाया, जिससे सड़क पर गिरा छात्र उसके नीचे आ गया। कार के गुजरते ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक ने वाहन को भागाने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे वीआईपी रोड पर चेकिंग प्वाइंट पर रोक लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया
पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने का मामला दर्ज किया है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार को रोकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में कार की पिछली सीट पर एक महिला भी बैठी हुई नजर आ रही है। आरोपी को श्यामला हिल्स थाने लाया गया है। फॉर्च्यूनर वाहन कोलार इलाके के एक बिल्डर के बेटे के नाम पर है।
मृतक आतिफ एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था और उस समय पिता के लिए दवाइयां लेने घर लौट रहा था। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस अभी भी मामले की जांच कर रही है।











