पश्चिमी दिल्ली में किशोर की हत्या से हड़कंप मचा
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र के श्याम नगर में 14 वर्षीय किशोर की हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान निशांत के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि उसे उसके ही परिचित कुछ लड़कों ने घर से बुलाकर ले गए और बाद में उसकी हत्या कर शव को पैसिफिक मॉल के पास फेंक दिया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण और परिवार का आरोप
परिजनों के अनुसार सोमवार शाम निशांत घर पर ही था। उसी समय कुछ लड़के उसे बाहर बुलाकर ले गए। थोड़ी देर बाद परिवार को सूचना मिली कि पास के पैसिफिक मॉल के पास एक किशोर गंभीर हालत में पड़ा है। जब परिजन मौके पर पहुंचे, तो उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में गला दबाने की आशंका जताई गई है, लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट कारण बताने का आश्वासन दिया है।
पुलिस और परिजनों के बीच तनाव और जांच का दौर
घटना की खबर मिलते ही परिजन बड़ी संख्या में तिलक नगर थाने पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को छोड़ दिया है। इस बात को लेकर थाने परिसर में भारी हंगामा हुआ। बाद में गुस्साए लोग बाहर नजफगढ़ रोड पर आ गए और नारेबाजी करने लगे। परिवार का कहना है कि उनके बच्चे की हत्या हुई है, लेकिन पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। परिवार ने एक वीडियो भी साझा किया है, जिसमें पुलिसकर्मी डंडा लेकर भीड़ को थाने से बाहर कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन हत्या का असली कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।









