दिल्ली में महिलाओं के लिए नई स्मार्ट कार्ड सुविधा का विस्तार
दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए शुरू किए गए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ को अब केवल डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा तक सीमित नहीं रखा है। दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने इस कार्ड को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के रूप में विकसित किया है, जिससे महिलाएं न केवल मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठा सकेंगी, बल्कि इसे डेबिट कार्ड की तरह मॉल, दुकानों, दिल्ली मेट्रो और नमो भारत ट्रेनों में भी उपयोग में लाया जा सकेगा।
डिजिटल प्रक्रिया से जारी होगा स्मार्ट कार्ड
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि इस पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को पूरी तरह डिजिटल प्रक्रिया के माध्यम से जारी किया जाएगा। इसके लिए महिलाओं को डीटीसी के अधिकृत बैंक के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और आवश्यक व्यक्तिगत जानकारी प्रस्तुत करनी होगी। यदि आवश्यक हो तो पैन कार्ड भी मांगा जा सकता है। वीडियो केवाईसी पूरी होने के बाद यह कार्ड आवेदक के घर पर भेजा जाएगा।
दो विकल्पों में जारी होगा स्मार्ट कार्ड
डीटीसी इस कार्ड को दो प्रकारों में जारी कर रहा है। पहला है जीरो केवाईसी कार्ड, जिसमें आधार और ओटीपी के जरिए तुरंत कार्ड प्राप्त किया जा सकता है, और यह मुख्य रूप से मुफ्त बस यात्रा के लिए उपयोगी होगा। दूसरा विकल्प फुल केवाईसी कार्ड है, जिसमें बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी और इसे डेबिट कार्ड की तरह इस्तेमाल किया जा सकेगा। बस में यात्रा के समय, महिलाओं को बस में चढ़ते समय कार्ड को टिकट मशीन पर टैप करना होगा, जिससे उन्हें मुफ्त टिकट मिल जाएगा। यदि वे मेट्रो, नमो भारत ट्रेन या दुकानों में भुगतान करना चाहें, तो पहले अपने बैंक खाते या यूपीआई के माध्यम से राशि जोड़नी होगी।
डीटीसी ने स्पष्ट किया है कि 1 अगस्त से महिलाओं को बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। बिना वैध कार्ड के महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा का लाभ नहीं मिलेगा। इसके साथ ही, बसों और डिपो में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। विभाग ने अन्य यात्रियों के लिए भी अलग-अलग रंगों के स्मार्ट कार्ड तय किए हैं, जिनमें महिलाओं के लिए गुलाबी, सामान्य यात्रियों के लिए नीला, और वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगजनों के लिए नारंगी रंग का कार्ड शामिल है। हालांकि, नारंगी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।










