जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान मारपीट का मामला फिर चर्चा में
जनता पार्टी के प्रदर्शन के समय जंतर-मंतर पर हुई मारपीट का मामला फिर से सुर्खियों में आ गया है। इस घटना में निशु आजाद के पिता के साथ हुई हिंसा को लेकर नए खुलासे हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पॉडकास्ट क्लिप में स्वतंत्र भारद्वाज ने स्वीकार किया है कि उसने निशु के पिता संजय कुमार पर हमला किया था। क्लिप में उसने कहा कि उसी ने संजय के सिर पर वार किया। साथ ही, उसने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव के कारण उसके खिलाफ कोई कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और वह आसानी से मामले से बाहर निकल गया।
एफआईआर में क्या है घटना का पूरा विवरण
अब इस विवाद से जुड़ी एफआईआर (FIR) की जानकारी भी सामने आई है। एफआईआर के अनुसार, 23 जून 2026 को जंतर-मंतर पर जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान वीडियो बनाने को लेकर विवाद हुआ था। शिकायतकर्ता संजय कुमार अपनी 14 वर्षीय बेटी और एक मित्र के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए थे। शाम लगभग 5:30 बजे वह अपने मोबाइल से बेटी और प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, एक युवक ने संजय से पूछा कि वह उसकी वीडियो क्यों बना रहा है। संजय ने जवाब दिया कि वह उसकी नहीं, बल्कि प्रदर्शन की वीडियो बना रहा है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उस युवक के 2-3 साथी भी मौके पर पहुंचे और संजय को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि संजय को घूंसों और लोहे जैसी किसी ठोस वस्तु से सिर पर मारा गया। पुलिस के पहुंचने पर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी आरोपी मौके से भाग गए।
पकड़े गए आरोपियों का विवरण और मेडिकल रिपोर्ट
एफआईआर में गिरफ्तार आरोपियों के नाम स्वतंत्र भारद्वाज और सूरज कुमार हैं। स्वतंत्र भारद्वाज की उम्र 24 वर्ष और सूरज कुमार की 25 वर्ष बताई गई है। दोनों का पता बिहार के विभिन्न जिलों में दर्ज है-स्वतंत्र का पता कांकरबाग (पटना) और सूरज का अस्थावां (नालंदा) है। मारपीट के बाद संजय को RML अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मेडिकल जांच हुई। रिपोर्ट में सिर पर दो कटे हुए घाव पाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और परिस्थितियों के आधार पर धारा 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। यह एफआईआर संसद मार्ग थाने में नंबर 62/2026 के तहत दर्ज हुई है। घटना का समय शाम 5:30 बजे और तहरीर रात 10:45 बजे दी गई। मुख्य आरोप है कि वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया और संजय को चोट पहुंची।











