दिल्ली में मानसून का आगमन और मौसम में बदलाव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी और उमस से आज राहत मिली है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और अचानक हुई झमाझम बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में मानसून ने अपने कदम रख दिए हैं। यह मानसून अपने सामान्य आगमन तिथि 27 जून से लगभग पांच दिन देरी से 2 जुलाई को दिल्ली पहुंचा है। इस वर्ष दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
बारिश ने दिल्ली का मौसम बना दिया सुहावना
बारिश के कारण दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद जैसे इलाकों में उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार को सुबह से ही बारिश ने मौसम को ताजा और आनंददायक बना दिया। सफदरजंग, लोधी रोड, द्वारका, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद जैसे इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इस बारिश ने न केवल तापमान को घटाया है, बल्कि लोगों को उमस से भी राहत दी है।
यात्रा और ट्रैफिक पर पड़ा असर
मौसम की इस सुहावनी स्थिति के बीच, सुबह-सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना भी करना पड़ा। आईटीओ, आनंद विहार, करोल बाग, कनॉट प्लेस, राजीव चौक, बॉटेनिकल गार्डन और डीएनडी फ्लाईओवर जैसे प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में बादल छाए रहने और मध्यम से भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। 2 जुलाई को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।










