दिल्ली में सड़क दुर्घटना का भयावह दृश्य CCTV में कैद
राजधानी दिल्ली के लक्ष्मी नगर क्षेत्र में एक महिला सड़क हादसे का शिकार होते-होते बच गई। यह घटना ललिता पार्क के पास हुई, जिसे वहां लगे सीसीटीवी कैमरे ने रिकॉर्ड किया है। इस वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि महिला अपने घर से बाहर निकल रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक मारुति ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद महिला सड़क पर गिर गई, जिससे आसपास के लोग घबरा गए।
तेज गति से आ रही कार ने महिला को मारी टक्कर
वीडियो में दिख रहा है कि कार बहुत ही तेज गति में थी, जिससे हादसा काफी भीषण प्रतीत होता है। हालांकि, महिला की जान बच जाने पर यह कहावत फिर से याद आ जाती है कि जाको राखे साइयां मार सके न कोई। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोग दौड़कर महिला की मदद करने लगे। उन्होंने उसकी स्थिति का जायजा लिया और उसे संभाला।
मामूली चोटें आने के बावजूद महिला सुरक्षित, पुलिस ने शुरू की जांच
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में महिला को गंभीर चोट नहीं आई। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, उसे मामूली चोटें आई हैं और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर कार चालक की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों का विश्लेषण कर रही है।











