दिल्ली में मौसम का बदला मिजाज और भारी बारिश का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश देखने को मिल रही है। सुबह 10:30 बजे तक नारायणा क्षेत्र में 12.5 मिमी, सफदरजंग AWS में 10.6 मिमी, प्रगति मैदान में 9.6 मिमी, लोधी रोड AWS पर 7.5 मिमी और SPS मयूर विहार में 5.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना भी व्यक्त की गई है, जिससे मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम की चेतावनी और सुरक्षा निर्देश
गुरुग्राम समेत दिल्ली-एनसीआर के कई जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। IMD की ओर से 5 सितंबर को सुबह 10:38 बजे जारी किए गए Nowcast Warning के अनुसार, अगले दो से तीन घंटों में 15 मिमी प्रति घंटे से अधिक की तीव्रता से बारिश होने के साथ ही मध्यम आंधी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इस स्थिति में लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने, जलभराव वाली सड़कों, अंडरपास और निचले इलाकों से दूर रहने का आग्रह किया गया है। साथ ही पेड़, बिजली के खंभे और तारों से दूरी बनाए रखने और पानी से भरे रास्तों को पार न करने की सलाह दी गई है। सभी संबंधित विभागों और आपातकालीन सेवाओं को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस प्रभाव से पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में आज भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 6 सितंबर तक और पूर्वी मध्य प्रदेश में 8 सितंबर तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है।











