बिहार के जहानाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, चार वर्षीय बच्ची की मौत
बिहार के जहानाबाद जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र के पहाड़ी बीघा गांव में एक दुखद सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन की चपेट में आने से एक छोटी बच्ची की मौत हो गई। यह बच्ची गया जिले के अमझर गांव की निवासी थी और इन दिनों अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात लगभग दो घंटे तक पूरी तरह से बाधित रहा।
पेट्रोलिंग वाहन से टकराई बच्ची, ग्रामीणों का आक्रोश
जानकारी के अनुसार, परस बीघा थाना की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोलिंग पर निकली हुई थी। इसी दौरान बच्ची सड़क पार कर रही थी, तभी उसकी चपेट में वाहन आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत बच्ची को इलाज के लिए रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकूराबाद ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्ची के परिवार और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर लकड़ी और ठेले सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग आए और जहानाबाद की ओर जाने लगे, जिन्हें ग्रामीणों ने रोक लिया। लेकिन वे नहीं रुके, जिस पर ग्रामीणों ने उन पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच तनाव, मुआवजे की मांग
घटना की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। एएसपी मनोज पांडे के नेतृत्व में डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी, डीएसपी संजीव कुमार, एसडीएम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। सिकरिया थाना की पुलिस सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ उग्र ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर हमला कर दिया, जिसमें वाहन का शीशा और बोनट क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने संयम दिखाते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और हालात को बिगड़ने से रोका। अधिकारियों ने समझाइश और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। शव का पोस्टमार्टम कराकर दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त किया गया, जिससे यातायात फिर से बहाल हो सका।









