60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ीं
एक व्यवसायी के साथ लगभग 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद फिल्म अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की परेशानी बढ़ती जा रही है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की कंपनी बेस्ट डील प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े चार कर्मचारियों को पूछताछ के लिए समन भेजा है।
प्राथमिक पूछताछ में एक कर्मचारी का बयान दर्ज
इन चार में से एक कर्मचारी ने ईओडब्ल्यू के सामने अपना बयान दर्ज कराया है, जबकि बाकी तीन कर्मचारियों को भी जल्द ही पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। जांच एजेंसी इस मामले में मनी ट्रेल को समझने का प्रयास कर रही है। मुख्य रूप से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कंपनी में खर्च और निवेश के दावे कितने सही हैं और क्या कंपनी के पास 60 करोड़ रुपये के निवेश को सही ठहराने लायक कारोबार था।
कंपनी के खर्च और आय का सत्यापन जारी
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले सप्ताह एक कर्मचारी का बयान दर्ज किया गया है, और अन्य तीन कर्मचारियों को भी जल्द बुलाया जाएगा। पूछताछ का मुख्य उद्देश्य यह है कि क्या कंपनी के कार्यालय की फर्निशिंग पर 20 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, जैसा कि राज कुंद्रा ने दावा किया है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि कर्मचारियों को वेतन कैसे दिया जाता था, क्या वेतन कंपनी की कमाई से आता था या किसी अन्य स्रोत से।
इसके अलावा, यह भी देखा जा रहा है कि कंपनी के पास वास्तव में कितने ऑर्डर थे, जिनके आधार पर 60 करोड़ रुपये का निवेश लिया गया था। प्रोडक्ट सप्लायर और विज्ञापनदाताओं से भी पूछताछ की जाएगी ताकि यह समझा जा सके कि कंपनी की आय और खर्च के बीच इतना बड़ा अंतर कैसे आया। यदि आवश्यक हुआ, तो राज कुंद्रा को फिर से समन भेजकर पूछताछ की जा सकती है।











