दिल्ली के सीलमपुर में युवक पर चाकू से हमला, इलाके में हड़कंप
दिल्ली के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है। सीलमपुर के सेंट्रल पार्क के पास एक 21 वर्षीय युवक पर अचानक चाकू से कई बार हमला किया गया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत ही घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर बच्चों के बीच झगड़े होते रहते हैं, और संभवतः इसी कारण यह हमला हुआ है। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और घटना का कारण स्पष्ट हो सके।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से सबूत एकत्रित किए गए हैं। इन सबूतों के आधार पर पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। फिलहाल, घटना के पीछे का कारण और आरोपियों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।










