इंदौर में चोरी के मामलों का पुलिस ने किया खुलासा
इंदौर में पिछले दो वर्षों से घरों में हो रही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश पुलिस ने किया है। इस चोरी की घटना का मुख्य सुराग इंस्टाग्राम पर मिली एक तस्वीर से मिला, जिसने आरोपी की पहचान आसान बना दी। पुलिस ने आरोपी पूर्व नौकरानी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बरामद किया कीमती जेवरात
लसूड़िया थाना क्षेत्र की शालीमार टाउनशिप में संजय झाला के घर से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं, जिनमें सोने की अंगूठी, चेन और अन्य कीमती जेवरात शामिल थे। फरियादी की शिकायत पर जांच के दौरान पुलिस को इंस्टाग्राम पर एक फोटो मिली, जिसमें पूर्व नौकरानी पूनम के गले में वही सोने की चेन नजर आ रही थी, जो घर से चोरी हुई थी। पूनम कुछ महीने पहले ही नौकरी छोड़ चुकी थी।
आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार कर कीमती सामान किया बरामद
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की और अपने कब्जे से सोने-हीरे के जेवरात और अन्य सामान भी बरामद किए गए। आरोपी की निशानदेही पर करीब तीन लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पुलिस ने जब्त किए हैं। इसके अलावा, पुलिस पिछले दो साल में हुई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है। आरोपी महिला ने सोने की चेन पहनकर सोशल मीडिया पर वीडियो भी बनाया था, जिससे उसकी पहचान आसान हो गई।









