मध्य प्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में हाथियों का सात दिवसीय स्वास्थ्य और पोषण महोत्सव शुरू
मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में हाथियों के संपूर्ण स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण के लिए एक विशेष सात दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह आयोजन 14 सितंबर को कामती परिक्षेत्र के खरेर कैंप में फील्ड डायरेक्टर राखी नंदा द्वारा उद्घाटन किया गया, जो 20 सितंबर तक चलेगा।
हाथियों की देखभाल और स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान
महोत्सव के दौरान रिजर्व के छह हाथियों को नियमित गश्ती और वन्यजीव प्रबंधन कार्यों से विश्राम दिया जाएगा। इन हाथियों की विशेष देखभाल की जाएगी, जिसमें उन्हें उनके पसंदीदा गन्ना, मक्का, नारियल और मौसमी फलों से भरपूर पौष्टिक आहार प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन नीम और अरंडी के तेल से मालिश भी की जाएगी। सात दिनों के इस कार्यक्रम में इन हाथियों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, जिसमें उनकी लंबाई और ऊंचाई भी मापी जाएगी। आवश्यकतानुसार दांतों की ट्रिमिंग भी की जाएगी, जिसमें जबलपुर स्थित वन्यजीव स्वास्थ्य एवं फॉरेंसिक विशेषज्ञों का सहयोग लिया जाएगा।
महावत और चाराकटर का स्वास्थ्य और मनोरंजन पर ध्यान
यह महोत्सव केवल हाथियों की देखभाल तक सीमित नहीं है। वर्षों से हाथियों के साथ काम कर रहे महावत और चाराकटरों के स्वास्थ्य और उत्साह का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। उनके मेडिकल चेकअप के साथ-साथ उनके लिए खेल और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन कबड्डी और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।
वन विभाग का मानना है कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य इन वन्यजीव सहयोगियों को आराम और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान करना है। साथ ही, हाथी, महावत और चाराकटर के बीच वर्षों से बने विश्वास, आत्मीयता और भावनात्मक संबंध को मजबूत करना भी इस पहल का लक्ष्य है। उद्घाटन के दौरान वन्यप्राणी चिकित्सक, सहायक संचालक सोहागपुर, इटारसी के सहायक संचालक, परिक्षेत्र अधिकारी कामती और अन्य वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









