पन्ना में भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति गंभीर
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में इन दिनों हो रही तेज बारिश ने प्राकृतिक आपदा का रूप ले लिया है। लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में पानी घुस चुका है और सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
बाढ़ ने ग्रामीण इलाकों में मचा हाहाकार
विशेष रूप से बृजपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश ने भारी परेशानियां खड़ी कर दी हैं। धरमपुर नाला तेज़ी से उफान पर है, और पुल से लगभग दो फीट ऊपर पानी पहुंच चुका है। इस कारण पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मुख्य मार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा। प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए बैरिकेडिंग कर लोगों को पानी के बीच से गुजरने से रोक दिया है।
सड़कें और घर जलमग्न, राहत कार्य तेज
बारिश का असर सिर्फ सड़कों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि निचले इलाकों में नालों का पानी घरों में घुस गया है। कई ग्रामीणों का राशन और घरेलू सामान पानी में बह गया है। उमरी गांव जैसे इलाकों में स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है, जहां पानी चारों ओर से घिर चुका है और बाहरी संपर्क लगभग टूट चुका है। प्रशासन ने राहत और बचाव दल को मौके पर भेजकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू कर दिया है।











