दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के मार्च के दौरान हिंसक घटनाएं
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रदर्शन के दौरान हुई पथराव और तोड़फोड़ की घटनाओं को लेकर दिल्ली के दो प्रमुख थानों-कनॉट प्लेस और पार्लियामेंट स्ट्रीट-में एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर और हिंसा के मुख्य आरोप
कनॉट प्लेस थाने में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें भीड़ ने रीगल सिनेमा के पास जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया और पुलिस पर पथराव किया गया। साथ ही, जनपथ पर कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
वहीं, पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, दंगा फैलाने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के आरोप शामिल हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई और घायल पुलिसकर्मी
नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा ने बताया कि इस हिंसक प्रदर्शन के मामले में अब तक चार से पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं, जिसमें वीडियो और CCTV फुटेज शामिल हैं।
प्रदर्शन के दौरान 110 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से कई को सिर और हाथ में चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि पत्थरबाजी और हिंसक झड़पें हुईं, जिनमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।









