झारखंड में सांप के डसने से छात्रा की मौत
झारखंड के लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के रोचो महुआटोली में संचालित एक निजी स्कूल के होस्टल में जहरीले करैत (सांप) के डसने से 13 वर्षीय छात्रा वर्षा उरांव की दुखद मौत हो गई। इस घटना में तीन अन्य छात्राएं भी गंभीर रूप से घायल हैं। मंगलवार रात को सभी छात्राएं भोजन करने के बाद अपने कमरों में सो रही थीं। लगभग 11 बजे एक करैत छात्राओं के कमरे में घुस आया और सबसे पहले उसने सेन्हा थाना क्षेत्र के अलौदी नावाटोली निवासी वर्षा को डस लिया।
सांप के डसने से छात्राओं में हड़कंप मच गया
जब छात्रा वर्षा ने करैत के डसने का शोर मचाया, तो अन्य छात्राएं जाग गईं। लेकिन तब तक सांप ने अनिषा उरांव, मनीषा कुमारी और फुलमनिया उरांव को भी डस लिया था। घटना के बाद छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जिसमें एक छात्रा को गंभीर हालत में रांची (Ranchi) के रिम्स (RIMS) अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी दो छात्राओं का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच, छात्रा का पोस्टमार्टम किया गया
लोहरदगा के कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृत छात्रा वर्षा के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। छात्रा के पिता प्रणीम उरांव ने लोहरदगा सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी संवसीरा हायर सेकेंडरी आवासीय विद्यालय रोचो महुआटोली में पढ़ाई करती थी। रात करीब 1:30 बजे प्रिंसिपल ने फोन कर सूचित किया कि वर्षा को सांप ने डस लिया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया।











